
दयपुर में बारिश के दौर के बीच शहर के पास स्थित उदयसागर बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। बांध का जलस्तर 21 फीट के पार पहुंचने के बाद जल संसाधन विभाग ने बुधवार दोपहर दो गेट खोल दिए। जल संसाधन विभाग के सहायक अभियंता नितेश नायक ने बताया कि बुधवार मध्यान्ह बांध के दो गेट एक-एक फीट तक खोले गए हैं। उदयसागर बांध की पूर्ण भराव क्षमता 24 फीट है और कैचमेंट क्षेत्र में लगातार बारिश होने के कारण बांध में पानी की आवक बनी हुई है। उदयपुर जिले में मंगलवार दोपहर बाद बारिश का दौर शुरू हुआ था। कुछ देर बारिश थमने के बाद शाम से रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही। बुधवार सुबह भी शहर के कई हिस्सों में हल्की से तेज बारिश हुई। जिले के अधिकांश इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई। जल संसाधन विभाग के कंट्रोल रूम के मुताबिक बुधवार सुबह 8 बजे तक पिछले 24 घंटे में जिले में सबसे ज्यादा बारिश उदयसागर रेनफॉल सेंटर पर करीब ढाई इंच दर्ज की गई। उदयसागर और वल्लभनगर क्षेत्र में भी अच्छी बारिश हुई है। लगातार बारिश और बांध में बढ़ती पानी की आवक को देखते हुए विभाग की ओर से जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है। वहीं मौसम विभाग ने उदयपुर जिले में यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते शहर और आसपास के क्षेत्रों में मौसम सुहावना हुआ है और तापमान में भी ठंडक महसूस की जा रही है।